RNI-29226/77

जानलेवा विद्युत तारों से ग्रामीणों की जान पर खतरा, विभाग बना मौन


भलुअनी क्षेत्र के ग्राम परसिया जद्दू में लटके तार बने हादसे का कारण

भलुअनी विकास खंड अंतर्गत ग्राम परसिया जद्दू में कई स्थानों पर विद्युत तार खतरनाक स्थिति में लटके हुए हैं। विशेष चिंता की बात यह है कि ये तार गाँव के मुख्य आवागमन मार्ग पर स्थित हैं, जहाँ से प्रतिदिन ग्रामीण, बच्चे, बुजुर्ग और वाहन गुजरते हैं। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत विभाग के कर्मचारी और अधिकारी समय-समय पर इस मार्ग से गुजरते हैं तथा उन्हें इन लटके हुए तारों की स्थिति की जानकारी भी है, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। विभाग की इस उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से तारों की मरम्मत और ऊंचाई ठीक कराने की मांग की जा रही है, लेकिन विभाग द्वारा केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। बरसात के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो सकती है, जिससे जनहानि की संभावना बढ़ जाती है।
गाँव के लोगों ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि लटके हुए खतरनाक विद्युत तारों का तत्काल सर्वेक्षण कराया जाए और आवश्यक मरम्मत कार्य कराकर ग्रामीणों को संभावित दुर्घटनाओं से सुरक्षित किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

Gaon Ka Vikas
Author: Gaon Ka Vikas